बीसलपुर के गांव मिघोनi में रेलवे के प्रति विरोध जताते ग्रामीण। संवाद
बीसलपुर। गांव मिघौना के लोगों ने अपने गांव के पास स्थित रेलवे के अंडरपास से पानी न निकलवाए जाने से क्षुब्ध होकर बुधवार को अंडरपास के निकट एकत्र होकर रेलवे के प्रति विरोध जताया।
गांव मिघौना के कुछ लोग बुधवार को सुबह अपने गांव के पास स्थित रेलवे के अंडरपास के निकट जमा हुए और रेलवे के प्रति विरोध जताने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि इस अंडरपास में पिछले डेढ़ सप्ताह से काफी पानी भरा हुआ है। इस जलभराव के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। सर्वाधिक दिक्कत महिलाओं और विद्यार्थियों को होती है।
ग्रामीणोंं का आरोप था कि रेलवे के अधिकारी जानबूझकर समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। आधा घंटे तक विरोध जताने के बाद ग्रामीण यह निर्णय लेकर वापस चले गए कि यदि तीन दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे लोग अपने गांव के रेलवे स्टेशन पर रेलवे के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे।
विरोध जताने वालों में सुबोध, सुधीश, अजय विक्रम, रामनरेश, सोहित, नरेश, संतोष, इकबाल, सलमान, पिंटू, अनिरुद्ध, केसरीलाल और अशोक समेत काफी ग्रामीण शामिल रहे।