हाईवोल्टेज आने के बाद सिमरिया अनूप गांव में हुए हादसे की सूचना मिलने के बाद भी बिजली विभाग के अफसरों की अनदेखी पर ग्रामीणों ने डीएम से शिकायत की। इसमें किसानों को मुआवजा दिलाए जाने व लापरवाह बिजली कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की है। यह भी बताया कि करीब 22 परिवारों को क्षति पहुंची है। 31 दिसंबर की रात सिमरिया अनूप गांव में हाईवोल्टेज आ गए थे। इससे गांव से गुजर रहे बिजली के तार के साथ ही लोगों के घरों में लगे उपकरण भी फुंक गए थे। दो ग्रामीण भी झुलस गए थे। दूसरी तरफ बिजली विभाग के अधिकारी लोगों के घायल होने की बात से इनकार करते रहे। सोमवार को ग्राम प्रधान जसपाल सिंह के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीण डीएम से मिले। लिखित शिकायत कर गांव में टीम भेजकर जांच कराने व मुआवजे की मांग की। हादसे में 22 लोगों का नुकसान बताया गया। इसके अलावा बिजली विभाग के संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रधान ने बताया कि शिकायत के बाद तहसील प्रशासन से तो टीम मौके पर जांच करने पहुंची, लेकिन बिजली विभाग की टीम दूसरे दिन भी नहीं आई। शिकायत करने वालों में मदनलाल, सियाराम,छत्रपाल, सेवाराम, जीवनलाल आदि है।