संपूर्णानगर रोड पर बाजारघाट के पास गन्ने लदे ट्रक में हाईटेंशन लाइन छूने से करंट दौड़ गया। करंट लगने से ट्रक चालक 28 वर्षीय अंग्रेज सिंह की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फोन पर मृतक के परिवारीजनों को सूचना दी। हजारा थाना क्षेत्र के सिद्धनगर गांव निवासी ट्रक चालक अंग्रेज सिंह 12 साल पहले शारदा के कटान के बाद से लखीमपुर खीरी के संपूर्णानगर के कमलापुरी में रहने लगे थे। सोमवार सुबह वह कंबोजनगर क्रय केंद्र से ट्रक में गन्ने लेकर संपूर्णानगर चीनी मिल जा रहे थे। रास्ते में बाजार घाट के पास मोड़ते पर हाईटेंशन लाइन के झूलते तारों से ट्रक में भरे गन्ने छू गए। इससे ट्रक में करंट उतर गया। बिजली करंट लगने से चालक अंग्रेज सिंह की मौत हो गई। राहगीरों ने इसकी सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। लाइन में बिजली सप्लाई बंद कराने के बाद शव ट्रक से बाहर निकाला गया। उसकी जेब में मिले मोबाइल नंबर पर शिनाख्त के बाद मृतक के घरवालों को सूचना दी गई। कुछ ही देर में परिवारीजन मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। मां सुखविंदर कौर ने बताया कि दो भाइयों में अंग्रेज सिंह बड़ा था। छोटा भाई कुलजीत पढ़ाई कर रहा है। पूरे परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी अंग्रेज सिंह की थी। प्रभारी एसओ सुभाष चंद्र ने बताया कि परिवारीजनों के इनकार करने पर शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।