पूरनपुर। शारदा नदी पार गांव नहरोसा के समीप घास काटने गए इसरार शाह पर बुधवार को हमला करने वाले बाघ का निगरानी टीम को अभी तक कुछ भी पता नहीं चल सका है। वहीं बाघ की दहशत से किसान खेतों में जाने से कतरा रहे हैं।
गांव नहरोसा निवासी इसरार पर गन्ना के खेत से निकले बाघ ने हमला कर दिया था। घायल को इलाज के लिए लखीमपुर ले जाया गया। वन विभाग की टीम को मौके पर बाघ के पगचिन्ह् मिले थे। उसकी निगरानी के लिए टीम लगाई गई। संपूर्णानगर रेंजर अनिल कुमार ने बताया कि दूसरे दिन बाघ की न तो लोकेशन मिली है और न ही पगचिन्ह मिले हैं। निगरानी को अभी टीम लगी हुई है। संवाद