बैंक लॉकर से 75 तोला सोने के जेवरात गायब होने के रहस्य से पर्दा उठाने के लिए लखनऊ से गोदरेज कंपनी की तीन सदस्यीय टीम आई और कई घंटे तक जांच की। टीम के सदस्य 72 घंटे बाद अपनी रिपोर्ट पुलिस को सौंपेगे। अगस्त में गैस चौराहा स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के दो लॉकरों से 75 तोला सोने के जेवर गायब हो गए थे। मामले में बैंक प्रबंधक समेत पूरे स्टाफ पर संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया। बैंक के जोनल कार्यालय से हुई जांच के बाद कोई सुराग नहीं मिल सका। बैंक को क्लीन चिट दे दी गई थी। ऐसे में गुत्थी को सुलझाने के लिए सुनगढ़ी पुलिस ने लॉक बनाने वाली गोदरेज कंपनी के अधिकारियों से मदद मांगी थी। शुक्रवार को कंपनी की तीन सदस्यीय टीम लखनऊ से पीलीभीत पहुंची। बैंक में जाकर दोनों लॉकरों को चेक किया गया। घंटों पुलिस और बैंक अफसरों की मौजूदगी में जांच की गई। इसके बाद टीम लौट गई। विवेचक निर्देश चौहान ने बताया कि एक्सपर्ट की टीम ने अपनी जांच पूरी कर ली है। रिपोर्ट तीन दिन के भीतर मिलेगी।