जिले में ब्लाक स्तर पर जल्द ही नए ब्लाक सह समन्वयकों का चयन किया जाएगा। इसको लेकर शासन ने डायट प्राचार्य व बीएसए को आदेश जारी किया है। डीएम के अनुमोदन के बाद नई नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शासन ने निशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत शैक्षिक गुणवत्ता संवर्धन के लिए ब्लाक संसाधन केंद्रों पर सह समन्वयकों की नियुक्ति की थी। वर्ष 2011 से तैनात सह समन्वयकों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद बीएसए ने इन सभी को कार्यमुक्त कर अपनी तैनाती वाले स्कूल में जाकर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए है। ब्लाक सह समन्वयकों के हटने के बाद नए सह समन्वयकों के चयन को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी हुई थी। शासन से कोई स्पष्ट शासनादेश न आने के कारण डीएम ने नए चयन को लेकर इंकार कर दिया। इधर, शनिवार को सर्व शिक्षा अभियान की अपर परियोजना निदेशक राजकुमारी वर्मा ने डायट प्राचार्य व बीएसए को पत्र जारी कर नियमानुसार ब्लाक स्तर पर ब्लाक सह समन्वयकों का चयन करने के आदेश जारी किए है। महकमे के मुताबिक प्रत्येक ब्लाक स्तर पर पांच-पांच सह समन्वयक रखे जाएंगें। कुल 40 पदों पर 32 ब्लाक सह समन्वयकों का चयन किया जाएगा। शेष आठ पदों पर तैनात सह समन्वयकों का कार्यकाल अभी पूरा नहीं हुआ है। डीएम के अनुमोदन के उपरांत ही ब्लाक सह समन्वयक की चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शासनादेश की जानकारी होने के बाद अब इस मलाईदार पद को झटकने के लिए लाइन में लगे शिक्षकों ने अपनी गोटें बिछानी शुरू कर दी है। बीएसए मसऊद अख्तर अंसारी ने बताया कि राज्य परियोजना निदेशालय से पत्र प्राप्त हो चुका है। शीघ्र ही इसको लेकर कार्रवाई शुरू की जाएगी।