बीडीओ ने आधा दर्जन गांव का दौरा कर स्कूलों व आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया साथ मनरेगा में खोदे जा रहे तालाबों का निरीक्षण किया। गंदगी मिलने पर उन्होंने चार पंचायत सफाई कर्मिंयों के निलंबन और तीन रोजगार सेवकों की सेवा समाप्ति की संस्तुति की। बीडीओ सुभाष नेमा ने बृहस्पतिवार को ग्राम निसावां निसैयां, बांसखेड़ा, बगनेरा-बगनेरी और फुलैया में दौरा किया। इन गांवों में परिषद विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों में साफ सफाई का जायजा लिया। स्कूल व गांव में गंदगी मिलने पर लोगों ने बताया कि बांसखेड़ा के पंचायत सफाई कर्मचारी राजवीर व भूपराम, फुलैया के ब्रजेश कुमार और बगनेरा बगनेरी के महेश कुमार कभी कभार ही गांव आते हैं। इस पर उन्होंने चारों सफाई कर्मियों के निलंबन के लिए डीपीआरओ को रिपोर्ट भेजने के निर्देश एडीओ को दिए। इसके अलावा बांसखेड़ा के ग्रामीणों ने रोजगार सेवक सुरेश कुमार पर शराब पीकर घूमने और कोई काम न कराने की शिकायत की। वहीं निसावां निसैयां के रोजगार सेवक आरिफ को सूचना के बाद भी उपस्थित नहीं हुए। फुलैया की रोजगार सेवक विमला देवी की तीन साल पूर्व शादी हो चुकी है। इस पर उन्होंनेे तीन रोजगार सेवकों की सेवा समाप्त करने की संस्तुति कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए।