पूरनपुर में शेरपुर रोड पर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण कर लगाई गईं दुकानें।
कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में मची रही खलबली
पूरनपुर। शेरपुर मार्ग पर सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण कर दुकानें लगाने वालों को रविवार को पुलिस ने खदेड़ दिया। 25 अतिक्रमणकारी दुकानदारों के कांटे, बांट कब्जे में ले लिए गए। दोबारा अतिक्रमण न करने की बात लिखित में देने के बाद ही उन्हें कांटे-बांट लौटाए गए।
नगर के शेरपुर रोड पर दोनों ओर फुटपाथ पर पहले दुकानें लगाई जाती थीं। अतिक्रमण हटाओ अभियान में अतिक्रमणकारियों को सड़क की एक साइड में डिवाइडर को छोड़कर फुटपाथ पर दुकानें लगाने की छूट दी गई, लेकिन दुकानदार नहीं माने और सड़क के दोनों तरफ दुकानें लगाने लगे।
रविवार को पुलिस ने डिवाइडर के किनारे दुकानें लगाने वाले अतिक्रमणकारियों को खदेड़ दिया। 25 अतिक्रमणकारियों के कांटे और बांट कब्जे में ले लिए। पुलिस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में खलबली मच गई। कोतवाली पहुंचे अतिक्रमणकारियों ने दोबारा अतिक्रमण न करने की बात लिखकर दी। इस पर पुलिस ने कब्जे में लिए गए दुकानदारों के कांटे-बांट उन्हें लौटा दिए। साथ ही दोबारा डिवाइडर के किनारे अतिक्रमण कर दुकानें न लगाने की चेतावनी दी। कुछ देर बाद फिर अतिक्रमणकारियों ने डिवाइडर के किनारे अतिक्रमण कर दुकानें लगा लीं।
कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि सड़क पर अतिक्रमण कर दुकानें नहीं लगने दी जाएंगी। अवैध अतिक्रमण करने वालों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।