पीलीभीत। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बुनियादी साक्षरता एवं पूर्व अंकीय दक्षता प्राप्त करने के लिए जनपद स्तरीय कार्यशाला हमारा आंगन-हमारे बच्चे का आयोजन शहर के एक बरातघर में किया गया। इसमें निपुण बच्चों के साथ ही उनके अभिभावकों और शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
बुधवार को शहर के एक बरातघर में हुए कार्यक्रम में राज्यमंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें संजय गंगवार ने कहा कि उप्र सरकार की इच्छा शक्ति और अध्यापकों के कठिन परिश्रम से परिषदीय स्कूलों की तस्वीर बदल रही है। कहा कि परिषदीय स्कूलों के बच्चों का संपूर्ण विकास हो रहा है। बच्चे निपुण बन रहे हैं।
सीडीओ धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने विभाग में संचालित योजनाओं पर चर्चा की। बीएसए अमित कुमार सिंह ने आईसीडीएस और बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त प्रयासों से सार्थक परिणाम मिलने की बात कही। जिला कार्यक्रम अधिकारी युगल किशोर सांगुड़ी ने भी विचार रखे। सभी ब्लाॅकों से बुलाए गए निपुण बच्चों और उनके अभिभावकों को राज्यमंत्री ने सम्मानित किया।
इससे पूर्व उन्होंने सभी ब्लाॅकों से आए शिक्षकों के टीएलएम और रंगोली का अवलोकन किया। शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। इस क्रम में बीईओ मुख्यालय शिव शंकर मौर्य, बीईओ बरखेड़ा अजय कुमार, एसआरपी और एआरपी को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्कूलों के बच्चों ने मां सरस्वती की वंदना, स्वागत गीत समेत कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम का संचालन वैभव जैसवार ने किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक प्रशिक्षण डाॅ. दीपक जायसवाल, समन्वयक राकेश पटेल, मनीष श्रीवास्तव, प्रखर मिश्रा आदि मौजूद रहे।