मंदिर की जमीन पर कब्जा करने की नियत से कराए गए छज्जा निर्माण को लेकर विवाद की स्थिति पैदा हो गई। इसका पता लगने पर जमा हो गए रेलवे स्टेशन रोड पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवा दिया। मोहल्ला सुनगढ़ी के रहने वाले जसकरन सिंह अपनी जगह पर निर्माण करा रहे है। वहीं उनके बराबर में मंदिर की जगह है। मंदिर की जमीन पर दीवार के सहारे छज्जा निकालने पर शनिवार की रात विवाद हो गया था। मोहल्ले के लोगों ने मंदिर की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया। पुलिस के कार्रवाई न करने पर गुस्साए लोग रविवार को सड़क पर उतर आए और रेलवे स्टेशन रोड पर मधुवन कालोनी के सामने इकट्ठे होकर जाम लगा दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी कर पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने। मामले की जानकारी सीओ सिटी अनुराग दर्शन को दी गई। सीओ के निर्देश पर सुनगढ़ी इंस्पेक्टर हरगोविंद सिंह, कस्बा इंचार्ज कनकलता भार्गन पुलिस मौके पर जा पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद मामले को शांत कराया जा सका। इंस्पेक्टर हरगोविंद सिंह ने बताया कि मंदिर की दीवार से छज्जा निकालने को लेकर विरोध था। दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत की गई। इसके बाद कराए गए छज्जा निर्माण को तोड़ने व दुबारा ऐसी हरकत न करने पर दोनों में सुलह हो गई है।