लंबे समय से एक ही ब्लाक क्षेत्र में जमे पंचायत सचिव हटाए जाएंगे। इसके लिए डीएम के आदेश पर ग्राम पंचायत सचिवों के ब्लाक स्तर पर फेरबदल की तैयारी की जा रही है। ग्राम पंचायत सचिवों की संख्या कम होने के चलते एक-एक पंचायत सचिव पर आठ से 10 पंचायतें हैं। कई पंचायत सचिव तो एक दर्जन ग्राम पंचायतें संभाले हैं। काफी दिन से डीएम को पंचायत सचिवों की लगातार शिकायतें मिल रही हैं, जिस पर उन्होंने डीपीआरओ को तलब कर विभिन्न ग्राम पंचायतों में तैनात ग्राम पंचायत सचिवों का विवरण तैयार करने के निर्देश दिए थे। इसमें पंचायत सचिव की तैनाती ग्राम पंचायत व ब्लाक में तैनाती का समय, पंचायतों की संख्या, चल रही शिकायतों की स्थिति आदि की जानकारी मांगी थी। सूत्रों की मानें तो विवरण तैयार होने के बाद डीएम ने एक-एक ब्लाक में काफी समय से जमे ग्राम पंचायत सचिवों को हटाने के निर्देश दिए हैं। डीएम के निर्देश पर ग्राम पंचायत सचिवों के स्थानांतरण की तैयारी डीपीआरओ कार्यालय में चल रही है। उम्मीद की जा रही है जल्द ही सूची जारी कर बड़े पैमाने पर सचिवों को इधर से उधर किया जाएगा।