शहर की स्टेशन रोड पर सजी राखी की दुकान पर लगी महिलाओं की भीड़।संवाद
पीलीभीत। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर बाजारों में जबरदस्त भीड़ रही। मिठाई और राखियों की दुकानों पर सुबह से देर रात तक लोग खरीदारी करते देखे गए। इस बार फैंसी राखियों की खूब बिक्री हुई। भइया-भाभी राखी का सेट आकर्षण का केंद्र रहा तो बच्चों को डोरीमान वाली राखी खूब भायी।
रक्षाबंधन का पर्व सोमवार को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर कई दिन पहले से राखियों का बाजार सज गया था। शुरुआत में भीड़ कम रही। शनिवार को बाजार में भीड़ कुछ बढ़ गई तो रविवार को बाजार पूरी तरह गुलजार रहा।
भइया-भाभी, लुंबा और डोरीमान वाली राखी पहली पसंद रही। वहीं जय श्री राम लिखी राखी भी खूब बिकी। इसके अलावा चांदी की राखी खरीदने वालों ने सराफा दुकानों की ओर रुख किया। भाइयों ने बहनों को देने के लिए कई प्रकार के उपहार खरीदे तो मिठाई, ड्राई फ्रूट्स, डिब्बाबंद चाकलेट और बिस्कुट भी खूब बिके।
बीसलपुर। नगर के अलावा दियोरिया, चुर्रासकतपुर, टिकरी, मानपुर, जोगीठेर, खरगापुर, खनका, अमृता खास, रढ़ैता, मधवापुर, मकरंदापुर, जसोली दिवाली, गुलैंदा आदि स्थानों पर राखियों और मिठाइयों की काफी बिक्री हुई।