विधायक ने शुरू कराई क्रय केंद्रों की जांच
भाजपा विधायक ने अपनी मौजूदगी में शनिवार को मंडी के चारों राजकीय गेहूं क्रय केंद्रों पर राजस्व विभाग की टीम से सघन चेकिंग अभियान शुरू करा दिया है। भाजपा विधायक रामसरन वर्मा को शिकायत मिली थी कि मंडी परिसर स्थित विभिन्न एजेंसियों के चारों राजकीय क्रय केंद्रों पर गेहूं की तौल में बड़े पैमाने पर धांधलेबाजी की जा रही है। ये केंद्र आरएफसी, एसएसएफसी, पीसीएफ और एनसीसीएफ के हैं। विधायक ने शिकायतों की पुष्टि के क्रम में शनिवार को राजस्व विभाग की टीम से इन क्रय केंद्रों की सघन चेकिंग शुरू करा दी है। विधायक ने बताया कि इस बात की चेकिंग की जा रही है कि क्रय केंद्रों पर अब तक कितना गेहूं तुल चुका है। कितना गेहूं सीडब्ल्यूसी में भेजा जा चुका है। कितना गेहूं क्रय केंद्रों पर अभी भंडारित है। गेहूं बेचने वाले कितने किसानों का भुगतान हो चुका है। कितने किसानों का अभी भुगतान नहीं हो पाया है। केंद्रों पर कितने किसानों का गेहूं तौला गया है। कितने व्यापारियों का गेहूं तोला गया है। गेहूं बेचने वाले किसानों का अभिलेखों में मोबाइल फोन नंबर लिखा है या नहीं लिखा है। केंद्रों पर मानक के अनुरूप क्या सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए और क्या सुविधाएं उपलब्ध हैं। यह भी चेक किया जाएगा कि गेहूं तोलते समय किसानों से खसरा खतौनी देखी जा रही है या नहीं। किसानों से सुविधा शुल्क तो नही ंवसूला जा रहा है। चेकिंग करने वाले लेखपाल क्रय केंद्रों पर मौजूद किसानों के बयान भी लेगें। सभी केंद्रों पर दो दो लेखपालों को नायब तहसीलदार अजय सक्सेना के नेतृत्व में लगाया गया है। नायब तहसीलदार ने बताया कि यह जांच पड़ताल देर रात में पूरी हो पाएगी। उसके बाद रिपोर्ट विधायक को दी जाएगी।