पूरनपुर। स्वास्थ्य टीम ने पुलिस की मदद से अवैध क्लीनिक को सील किया। आरोप है कि संचालक ने चस्पा नोटिस फाड़ दिया। मंगलवार को टीम के साथ क्लीनिक सील करने पहुंचे प्रभारी चिकित्साधिकारी पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाकर हंगामा किया और भीड़ एकत्र कर ली। नगर में बिजली घर मार्ग पर मंगलवार को प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. मनीष राज शर्मा टीम के साथ दुर्गा कुमुद क्लीनिक एंड केयर सेंटर सील करने पहुंचे। क्लीनिक संचालक ने प्रभारी चिकित्साधिकारी पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ देर बाद पुलिस के साथ पहुंचे प्रभारी चिकित्साधिकारी ने क्लीनिक को सील कर दिया। इससे पहले भी दो बार क्लीनिक को सील किया गया था। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि तीन दिन पहले क्लीनिक पर पहुंचकर जांच की। पंजीकरण आदि के अभिलेख न मिलने पर क्लीनिक संचालक को अभिलेख सहित सीएचसी बुलाया गया था। साथ ही उसके क्लीनिक पर अभिलेख तलब करने के लिए नोटिस चस्पा किया गया था। मंगलवार को सीएमओ के निर्देश पर क्लीनिक सील करने को टीम के साथ पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि क्लीनिक पर अवैध रूप से प्रैक्टिस होना पाया गया। इसकी रिपोर्ट सीएमओ को भेजी गई है।