पूरनपुर (पीलीभीत)। किराना व्यापारी सुनील गुप्ता के घर हुई डकैती के मामले में वांछित पांचवें डकैत ने भी पुलिस को चकमा देकर मुजफ्फरनगर न्यायालय में समर्पण कर दिया। अब डकैत को अभिरक्षा में लेने के लिए पुलिस ने वारंट बनवाया है। पुलिस मुजफ्फरनगर जेल जाकर आरोपी डकैत को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी में जुटी है।
30 जनवरी की शाम को मैगलगंज हाईवे पर नगर से करीब तीन किलोमीटर दूर गांव रंपुरा में परिवार सहित रह रहे किराना व्यापारी सुनील गुप्ता के परिजनों को पांच डकैतों ने बंधक बनाकर नकदी और सोने, चांदी के आभूषण सहित 25 लाख रुपये का माल लूट लिया था।
घटना का खुलासा न होने पर पूर्व में तैनात कोतवाल प्रवीण कुमार और तीन कांस्टेबलों को लाइन हाजिर कर दिया गया। उस समय तत्कालीन एसपी अतुल शर्मा के स्थानांतरण को भी किराना व्यापारी के यहां पड़ी डकैती की घटना से जोड़कर देखा गया।
जिले में चार्ज लेने के एसपी अविनाश पांडेय ने सबसे पहले 29 फरवरी को घटनास्थल का निरीक्षण कर व्यापारी से घटना की जानकारी ली थी। बाद में इस मामले में पुलिस ने चार डकैतों को गिरफ्तार कर चालान किया। पुलिस फरार चल रहे पांचवें और मुख्य आरोपी डकैत मुरादाबाद के बगिया वाला पीपल सदना भोजपुर निवासी मोईन उर्फ मोबिन की तलाश कर रही थी।
पुलिस उसे पकड़ पाती इससे पहले ही आरोपी डकैत ने सात जुलाई को मुजफ्फरनगर कोर्ट में पुराने डकैती के मामले में जमानत तुड़वाकर समर्पण कर दिया। कोतवाल राजीव कुमार शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मोईन को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए उसका वांरट जारी करा लिया गया है। शीघ्र ही मुजफ्फरनगर जेल पहुंचकर उससे पूछताछ की जाएगी।
जेवरात न बरामद होने से व्यापारी नाराज
किराना व्यापारी सुनील गुप्ता ने पुलिस महानिदेशक, आईजी, एडीजी को भेजे पत्र में डकैतों से जेवरात और सभी नकदी बरामद न होने पर नाराजगी जाहिर की है। जल्द ही इन्हें बरामद कराने की मांग की है।