चेंजिंग रूम के अलावा बनाए जाएंगे बैडमिंटन के दो कोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। गांधी स्टेडियम को नया लुक दिया जाएगा। इसके लिए शासन ने 3.50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। पहली किस्त के रूप में 2.60 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए गए हैं। इससे काम शुरू करा दिया गया है।
गांधी स्टेडियम में अब तक बैडमिंटन के मात्र दो कोर्ट थे। यही नहीं बॉस्केटबॉल खेलने को लेकर भी जैसे-तैसे काम चलाया जा रहा था। ऐसे में स्टेडियम को आधुनिक रूप देने और संसाधनों को बढ़ाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया। इसमें कहा गया था कि स्टेडियम को नया लुुक दिया जाए। पैदल भ्रमण करने वालों के लिए पाथ वे बनाया जाए। इसके अलावा कई अन्य प्रस्ताव भी किए गए।
शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए 3.50 करोड रुपये की मंजूरी दी गई है। इसके तहत फिलहाल 2.60 करोड़ रुपये भेजे गए हैं। धनराशि आने के बाद स्टेडियम में काम शुरू करा दिया गया है। यहां पर पहले क्रीड़ा अधिकारी का कार्यालय, चेंजिंग रूम को बनाने का काम किया जा रहा है।
00
यह होंगे काम
स्टेडियम में बैडमिंटन के दो कोर्ट हैं। ऐसे में खिलाड़ियों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। अब दो कोर्ट और बनाए जाएंगे। यही नहीं क्रिकेट की पिच और बास्केटबॉल खेलने वाले स्थान को ठीक किया जाएगा। इसके साथ ही गार्ड रूम भी बनाया जाएगा। कुछ और काम भी होंगे।
00
पवेलियन निर्माण की नहीं मिली मंजूरी
स्टेडियम में पवेलियन निर्माण के लिए भी प्रस्ताव किया गया था। इसके निर्माण की मंजूरी नहीं मिली है। बताया जाता है कि यह काम दूसरे फेज में किया जाएगा।
00
शासन से बजट जारी होने के बाद काम को शुरू करा दिया गया है। इससे अब स्टेडियम नए लुक में दिखाई देगा। खिलाड़ियों को काफी सुविधा मिल सकेंगी।
- राजकुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी
शहर के गांधी स्टेडियम परिसर में शुरू हुआ निर्माण कार्य । संवाद