पीलीभीत। दहेज लोभी ससुरालियों ने 11 लाख रुपये लेने के बाद भी विवाहिता को प्रताड़ित करना बंद नहीं किया। आरोप है कि 20 अप्रैल 2024 को महिला को कमरे में बंद कर यातनाएं दी गईं और जान से मारने की नीयत से गला दबाया गया। सूचना के बाद पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने महिला को मुक्त कराया। एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बड़ा खुदागंज निवासी तूबा खान ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी 27 नवंबर 2018 को लखीमपुर के थाना कोतवाली के मोहल्ला सिकटिया निवासी सलमान के साथ हुई थी। परिजनों ने हैसियत के अनुसार कार, एसी व 14 तोला सोना, हीरे की अंगूठी आदि दहेज दिया, लेकिन उससे ससुराल के लोग संतुष्ट नहीं हुए।
आरोप है कि पति सलमान खान, ससुर अतीउल्ला खां, सास शम्मो खान, देवर शहवाज खा व रेहान खान दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर महिला का उत्पीड़न किया जाने लगा। मजबूर होकर महिला के पिता ने डेढ़ लाख रुपये ससुरालियों को दिए।
24 सितंबर 2020 को महिला के पिता की मौत के बाद सुसराल के लोग फिर पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। इसपर परिजनों ने मांग पूरी करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद भी ससुराल के लोग महिला की मां पर दबाव डालकर रुपये लेते रहे। करीब 11 लाख रुपये लेने के बाद भी आरोपी हरकतों से बाज नहीं आए।
आरोप है कि 20 अप्रैल 2024 को ससुराल के लोगों ने महिला को कमरे में बंद कर यातनाएं दी और जान से मारने की नीयत से गला दबाया। किसी तरह महिला ने फोन कर मायके सूचना दी। इसके बाद परिवार वाले पहुंचे और महिला को मुक्त कराया। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि एसपी के आदेश पर विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ससुरालियों पर दर्ज कराई दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट
बीसलपुर (पीलीभीत)। नगर की एक विवाहिता ने रविवार को कोतवाली में ससुरालियों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला पटेलनगर निवासी पारुल गंगवार ने बताया कि उसका विवाह तीन वर्ष पूर्व बरेली के थाना भुता के गांव ककराकला निवासी मोहित से हुआ था। ससुराल वालों ने दहेज की मांग की। मायके वालों ने खराब आर्थिक स्थिति का हवाला देकर दहेज देने में असमर्थता जता दी। इसके बाद ससुराल वालों ने पारुल का उत्पीड़न शुरू कर दिया।
कुछ दिन पूर्व ससुराल वालों ने सारा जेवर छीनकर पारुल को घर से निकाल दिया। पारुल आकर मायके में रहने लगी। मामला परिवार परामर्श केंद्र में भी चला, लेकिन फिर भी बात नही बनी। पारुल ने रविवार को कोतवाली में नामजद तहरीर दी। कोतवाल अशोकपाल ने बताया कि पारुल की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में पारुल के पति मोहित, ससुर भगवानदास, सास कांति देवी, देवर निखिल और कपिल को नामजद किया गया है। संवाद