गांवजमुनिया में विलाप करते परिजन । संवाद
गजरौला। खेत की रखवाली करने गए युवक का शव पानी भरे गड्ढे में मिला। पुलिस ने जांच-पड़ताल करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस युवक के गड्ढे में गिरने से डूबकर मौत होने की आशंका जता रही है।
थाना क्षेत्र के गांव बिठौरा कला निवासी 35 वर्षीय रामपाल का गांव से कुछ दूरी पर जमुनिया गांव के समीप खेत है। बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे वह खाना खाकर घर से फसल की रखवाली करने के लिए निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटे तो परिजनोंं ने खोजबीन शुरू की। काफी तलाश के बाद भी रामपाल का कोई पता नहीं चल सका।
सुबह परिजनों को सूचना मिली कि खेत के पास सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में एक शव पड़ा है। मौके पर जाकर परिजनों ने शव की शिनाख्त रामपाल के रूप में की। जमुनिया गांव के प्रधान हरीश ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को निकलवाया। रामपाल की मां भाग्यवती ने बताया कि रामपाल गड्ढे में कैसे पहुंचे, इसका किसी को कुछ पता नहीं है। रामपाल के परिवार में पत्नी रामबेटी, दो बच्चे बेटी शिवानी और बेटा राज है।