पीलीभीत। बारिश और बाढ़ में पूरनपुर और कलीनगर तहसील को जोड़ने वाली पुलिया भी बह गई। इसे अब तक नहीं बनवाया गया है। पुलिया नहीं बनने से दो पहिया वाहन चालक जान जोखिम में डालकर निकल रहे हैं। वहीं चार पहिया वाहनों का आवागमन अब तक बंद पड़ा हुआ है।
आठ और नौ जुलाई को लगातार बारिश के बाद आई बाढ़ में कई स्थानों पर पुलिया कट गई थी। इस दौरान तहसील कलीनगर से पूरनपुर तहसील को जोड़ने वाली सड़क पर खारजा नहर के पास बनी पुलिया भी पानी के तेज बहाव में कट गई। इससे आवागमन बंद हो गया। पानी का बहाव कम होने के बाद जैसे-तैसे दो पहिया वाहनों का इस सड़क से आवागमन शुरू हुआ है।
वाहन चालक जान जोखिम में डालकर यहां से गुजर रहे हैं तो चार पहिया वाहनों का संचालन अब तक शुरू नहीं हो सका है। अब जबकि पानी कम हो गया है जिम्मेदारों ने इस पुलिया की सुध नहीं ली है। ऐसे में पुलिया क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को माधोटांडा होकर पूरनपुर और पूरनपुर के लोगों को कलीनगर आना पड़ रहा है। इससे उनको काफी परेशानी उठानी पड़ रही। वहीं स्कूल जाने वाले बच्चों के सामने भी समस्या बनी हुई है।
इन गांवों के लोगों को हो रही परेशानी
भीमपुर नौगजा, चित्तरपुर, केशरपुर, चांदूपुर, दोदपुर, करलिया कुर्रैया, देवीपुर, नवदिया धनेश, ककरौरा, सबलपुर मु. रम्पुरा फकीरे, रम्पुरा फकीरे, प्रसादपुर, नवदिया टोडर, तकियादीनार पुर, खाता, अमरैयाकलां, सुखदासपुर आदि।
लोगों ने कहा-जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान
दो तहसीलों को जोड़ने वाला पूरनपुर-कलीनगर मार्ग करीब 20 दिनों से कटा पड़ा है, बावजूद इसके क्षेत्र के किसी जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार ने सुध नहीं ली है। क्षेत्र की जनता काफी परेशान है।
- हरिओम पांडेय, देवीपुर
-
लोकनिर्माण विभाग ने अब तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया है। ऐसे में जान जोखिम में डालकर यहां से निकल रहे है। जिम्मेदार अधिकारी अब तक नींद से नहीं जागे हैं।
-ओमप्रकाश यादव, केशरपुर
-
पूरनपुर-कलीनगर मार्ग खारजा नहर के पास करीब 20 दिनों से कटा पड़ा है। जान जोखिम में डालकर बच्चों को कलीनगर कस्बे के स्कूल में भेजने के लिए मजबूर है।
-सर्वजीत पांडेय (अधिवक्ता), चांदूपुर
कलीनगर क्षेत्र के गांवों के लोगों के आने के लिए अन्य रास्ते भी हैं। फिलहाल अभी ऐसे रास्तों को दुरुस्त कराया जा रहा है क्षतिग्रस्त पुलिया को ठीक कराने के लिए टेंडर निकाला गया है। जल्द ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
- एसपी गौतम, सहायक अभियंता, लोनिवि
कलीनगर से पूरनपुर जाने वाले मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया से निकलते लोग।संवाद
कलीनगर से पूरनपुर जाने वाले मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया से निकलते लोग।संवाद
कलीनगर से पूरनपुर जाने वाले मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलिया से निकलते लोग।संवाद