बीसलपुर। सहकारी गन्ना विकास समिति के कर्मचारी अजीत सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर गन्ना विभाग के अधिकारियों के उत्पीड़न से परेशान होकर सपरिवार आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।
पत्र में कहा गया है कि उनके पिता सरनाम सिंह समिति में कर्मचारी थे। उनके निधन के बाद उनको मृतक आश्रित सेवा योजना के तहत वर्ष 2001 में नौकरी पर लगाया गया था। गन्ना विभाग के अधिकारी उनके पिता के कार्यकाल में कथित रूप से हुए 10 लाख रुपये के घोटाले के लिए अजीत सिंह को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं और उनसे 10 लाख रुपए वसूल करने का प्रयास कर रहे हैं।
गन्ना विभाग के अधिकारी उनसे वसूली करने के लिए उन्हें तरह-तरह से परेशान कर रहे हैं। पत्र में कहा गया है कि यदि उन्हें तत्काल उत्पीड़न से निजात नहीं दिलाई गई, तो वह सपरिवार आत्मदाह कर लेंगे। संवाद