पीलीभीत। शहर में स्थित दुकान के सामने खड़ी कार को हटाने की बात कहने पर आरोपी ने गालीगलौज की। इसके बाद अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर दुकानदार पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद गला दबाकर मारने का भी प्रयास किया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के मोहल्ला बल्लभनगर निवासी पूर्व सैनिक टोड़ी लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पूरनपुर- पीलीभीत हाईवे पर आसाम चौराहा के पास उनकी स्पेयर पार्ट्स की दुकान हैं। दुकान के सामने ही नौगवां पकड़िया निवासी मोहम्मद अशरफ ने अपनी कार खड़ी कर दी। कई दिन बीतने के बाद भी कार नहीं हटाई। इस पर दुकानदार ने उक्त व्यक्ति से दुकान के सामने से हटाकर दूसरी जगह कार लगाने की बात कही।
आरोप है कि इसपर वह गालीगलौज कर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने अपने दो अज्ञात साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद एकराय होकर उसपर हमला कर दिया। मारपीट करने के बाद अंगोछा डालकर गला घोंटने का भी प्रयास किया। शोर शराबे पर आसपास के लोग मौके पर आ गए और बचाव कराया। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। इंस्पेक्टर पवन कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपी अशरफ, आरिफ व दो अज्ञात के खिलाफ मारपीट और अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।