अमरिया क्षेत्र के गांव बिलासपुर में घटना स्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़ । संवाद
अमरिया। बिलासपुर गांव में एक युवक का शव संदिग्ध हालात में घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्कूल के पास पाकड़ के पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अमरिया थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव निवासी बाबूराम के बेटे सुनील (26) मजदूरी करते थे। उनकी शादी एक साल पूर्व बरेली के थाना नवाबगंज के गांव बीजामऊ निवासी युवती से हुई थी। दंपती के बीच अनबन होने के कारण बृहस्पतिवार शाम सुनील घर से चले गए। देर रात तक जब वह वापस नहीं आए तो परिवार के लोगों को चिंता हुई।
काफी तलाश के बाद भी उनका पता नहीं चला। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे बच्चों ने स्कूल के पास पाकड़ के पेड़ पर शव लटका देखा। उन्होंने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। गांव में चर्चा है कि पत्नी से विवाद के बाद सुनील ने आत्महत्या की है। हालांकि, परिजनों ने देर शाम तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी थी।
अमरिया क्षेत्र के गांव बिलासपुर में घटना स्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़ । संवाद