दीपावली से एक दिन पहले होगा श्रीरामलीला मेले का समापन
पूरनपुर। श्रीरामलीला मेले में अब रौनक बढ़ने लगी है। मेले में झूला, मौत का कुआं सहित कई खेल-तमाशे लगने शुरू हो गए हैं। श्रीरामलीला मेले का समापन 23 अक्तूबर को रावण वध और राजतिलक की शोभायात्रा के साथ होगा।
नगर में रामलीला मेला अश्वनी शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि से शिवबरात के साथ शुरू होता है। दीपावली से एक दिन पहले रावण वध और राजतिलक शोभायात्रा के साथ मेले का समापन होता है। दशहरा पर जिले के अन्य स्थानों पर रामलीला मेला समाप्त होने के बाद पूरनपुर में रामलीला मेला में रौनक बढ़ती है। इसके तहत अब रामलीला मेला में रौनक बढ़ने लगी है। मौत का कुआं, झूले के अलावा अन्य खेल-तमाशों की दुकानें मेले में आ गई हैं। बाहर से आने वाली कई खानपान की दुकानें और अन्य दुकानें लगने लगी हैं। करवा चौथ से श्रीरामलीला मेले की नाटक कंपनी भी बदल गई है। मेला देखने वालों की अब भीड़ लगने लगी है।
शूर्पणखा नकटी, सीताहरण की लीला का हुआ मंचन
पूरनपुर। रविवार को रामलीला मेला में शूर्पणखा नकटी और सीताहरण की लीला का मंचन हुआ। लीला का मंचन बिहार के दरभंगा की जयश्री राधा-कृष्ण रामलीला नाट्य मंदिर के कलाकारों ने किया। नाटक कंपनी के मालिक राधाकृष्ण राय ने बताया कि प्रतिदिन शाम चार बजे से रात आठ बजे तक रामलीला का मंचन किया जा रहा है। कंट्रोलर के आदेश पर रात को भी रामलीला के अलावा अन्य धार्मिक नाटकों का मंचन शुरू किया जाएगा। संवाद