घुंघचाई। मारपीट के मामले में शांतिभंग की धाराओं में जेल भेजे गए आरोपी ने छूटकर बाहर आते ही पीड़ित के घर में घुसकर मारपीट की। आरोप है कि दीवार गिरा दी और घर का सामान भी तोड़ डाला। पुलिस ने मारपीट में घायलों का मेडिकल कराया है। थाना क्षेत्र के गांव दिलावरपुर निवासी राम सनेही ने बताया कि उसकी कृषि भूमि कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव नौरंगाबाद में है। आरोप है कि उसके सगे भतीजे ने धोखाधड़ी कर जमीन को नौरंगाबाद निवासी एक ग्रामीण को बेच दी। जानकारी लगने पर जब उसने विरोध किया तो भतीजे ने मारपीट की। इस मामले में 11 जून को पुलिस ने उसे शांति भंग की आशंका में जेल भेजा था। जमानत कराने के बाद वह बुधवार रात अपने परिजनों के साथ उनके घर में घुस आया। लाठी-डंडे व धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। बचाने पहुंची पुत्री ज्ञानदेवी, पत्नी जसोदा देवी और पुत्र वीरपाल, धनिसपाल को मारा पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया और जांच शुरू की है।