-हादसे में तीन महिलाओं की मौत के मामले में पुलिस की जांच में खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर (पीलीभीत)। बरातियों से भरी इनोवा हरिपुर जंगल में दाहिने तरफ के पिछले पहिये के पंक्चर होने से अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलटी थी। इसका खुलासा पुलिस की जांच में हुआ है। हादसे में मंगलवार शाम को दूल्हे की नानी और रिश्ते की दो दादी की मौत हो गई थी।
उत्तराखंड के शक्तिफार्म से क्षेत्र के गांव राहुलनगर आ रही बरातियों से भरी इनोवा कार हरिपुर जंगल में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट गई थी। हादसे में शक्तिफार्म निवासी रेणुका (70), बैकुंठनगर निवासी कंचन सरकार (60) और विशाखा मंडल (45) की मौत हो गई थी तो इनोवा चालक सहित सात लोग घायल हो गए थे।
घटनास्थल का एसडीएम, सीओ, एआरटीओ ने निरीक्षण किया था। हादसे को लेकर पुलिस जांच में जुटी थी। कोतवाल संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि निरीक्षण में इनोवा के दाहिने साइड का पिछला पहिया पंक्चर मिला है। उन्होंने यह भी बताया कि घटना को लेकर अब तक कोई तहरीर नहीं मिली है।