गजरौला। नहर पर नहाने जा रहे किशोर को कार से टक्कर लग गई। हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के पकड़िया नौगवां निवासी 12 वर्षीय मोहित पुत्र झरगद बृहस्पतिवार की सुबह अपने दोस्तों के साथ थाना गजरौला क्षेत्र के ग्राम खाग सराय में स्थित नहर में नहाने जा रहा था। उसके दोस्त बाइक से चले गए थे, जबकि वह साइकिल से जा रहा था। रास्ते में इगरा मोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से साइकिल को टक्कर लग गई। हादसे में मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक कार समेत भाग गया। हादसे के बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर थाना गजरौला और सुनगढ़ी पुलिस भी पहुंच गई। किशोर की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। थाना प्रभारी गजरौला ब्रजवीर सिंह ने बताया कि दुर्घटना करने वाले वाहन चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद