पूरनपुर। शादी का झांसा देकर किशोरी का कई माह तक यौन शोषण किया गया। अश्लील फोटो, वीडियो बनाकर उसे गांव के बाहर छोड़ दिया। आरोप है कि गर्भपात भी कराया गया। किशोरी के पिता के शिकायत करने पर आरोपी की मां और पिता ने गाली-गलौज कर धमकाया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी को मेडिकल के लिए भेजा है। घटना पूरनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। किशोरी के पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि एक साल पहले उसकी 16 वर्षीय पुत्री को आरोपी कीरत प्रसाद फुसलाकर ले गया था। छह जनवरी 2026 से आरोपी पुत्री को शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण करता रहा। इस दौरान उसकी अश्लील फोटो और वीडियो बना ली। किशोरी के पिता आरोपी के घर शिकायत करने को पहुंचे तो आरोपी के पिता आत्माराम और मां ने गाली-गलौज कर धमकाया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल पवन कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। संवाद