जहानाबाद/पीलीभीत। देवहा नदी में पशुओं को नहलाने के लिए गई किशोरी गहरे पानी में जाने से डूब गई। जानकारी के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। रविवार देर शाम पीएसी की टीम ने शव को पानी से बाहर निकाला।
जहानाबाद क्षेत्र के गांव खरुआ निवासी सुमन (17) पुत्री जागनलाल शनिवार शाम करीब चार बजे पशुओं को नहलाने के लिए गांव के निकट देवहा नदी पर आई थी। साथ में उसकी बहन उर्मिला और छोटा भाई मित्तल कुमार भी था। पशुओं को नहलाते समय अचानक पैर फिसलने से सुमन गहरे पानी में चली गई।
उसे डूबता देख वहां मौजूद भाई, बहन व अन्य बच्चों में हड़कंप मच गया। सभी दौड़कर गांव पहुंचे और अन्य लोगों को बताया। परिजनों के साथ ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे। कुछ देर तक खोजबीन की। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू कराई।
शनिवार के बाद रविवार को भी पुलिस की मौजूदगी में तलाशी अभियान जारी रहा। सुराग न मिलने पर पीएसी से संपर्क साधा गया। मौके पर पहुंची पीएसी की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। किशोरी पांच भाई और दो बहनों में चौथे नंबर की थी। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
000
पिता बोले- जाने से रोका था
पुत्री के डूबने के बाद परिजन परेशान हैं। पिता जागनलाल की आंखों से आंसू नहीं रुक रहे हैं। पिता ने बताया कि बच्चों के साथ बेटी जब पशुओं को ले जा रही थी तो उन्होंने मना करते हुए कहा था कि आज मत जाओ, मगर वह नहीं मानी। कुछ ही देर बाद उसके डूबने की खबर मिली।
00
गोताखोर हुए विफल तो पीएसी की मांगी मदद
किशोरी के डूबने की जानकारी के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान चलाया। रविवार को भी गोताखोर पानी में किशोरी की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने पीएसी की मदद के लिए अफसरों को सूचना दी।