कलीनगर। तहसील के नए भवन का निर्माण पूरा होने के बाद हस्तांतरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। भवन की गुणवत्ता परखने के लिए एसडीएम की रिपोर्ट के बाद डीएम ने इंजीनियरों की टीम गठित की है। टीम मानकों के आधार कार्य की गुणवत्ता का आकलन कर डीएम को रिपोर्ट सौंपेगी। जल्द ही टीम भवन का स्थलीय निरीक्षण करने पहुंचेगी।
कलीनगर तहसील का नया भवन बनकर तैयार हो गया है। मुख्य भवन के साथ ही आवासीय भवन का भी निर्माण कराया गया है। फिलहाल तहसील का संचालन नगर पंचायत कार्यालय में हो रहा है। दो साल पहले शासन की स्वीकिृति मिलने पर दो करोड़ से अधिक की लागत से भवन का निर्माण कराया गया। अब भवन के हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू चल रही है।
हस्तांतरण से पूर्व एसडीएम को भवन निर्माण की गुणवत्ता परखने का आदेश मिला था, लेकिन तकनीकी मामला होने के चलते एसडीएम ने अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी थी। इसके बाद डीएम ने इंजीनियरों की टीम गठित कर दी है। एसडीएम सदर की अध्यक्षता में ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के अधिशासी अभियंता के अलावा जल निगम के अधिशासी अभियंता को टीम में शामिल किया गया है। एसडीएम आशुतोष गुप्ता ने बताया कि टीम जल्द ही गुणवत्ता परखने आएगी।