नोटिस के बाद भी नहीं चेते वाहन मलिक तो हुई 80 की आरसी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिले में संचालित होने वाले ट्रासंपोर्ट वाहनों पर सरकारी टैक्स जमा न कर पाने के कारण विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके चलते विभाग ने जिले के 580 वाहनों स्वामियों को नोटिस जारी किया है। जिसमें से 80 वाहन स्वामियों के खिलाफ आरसी भी जारी की गई है।
राजस्व का नुकसान कर रहे 580 ऐसे वाहन स्वामी चिह्नित किए गए हैं, जिन्होंने दो साल से कर जमा नहीं किया है। इन सभी चालकों पर विभाग का करीब दो करोड़ से ज्यादा रुपया बकाया है। विभाग से इन वाहन स्वामियों को कई बार नोटिस भी जारी कर चुका है।
बावजूद इसके यह लोग बकाया कर जमा नहीं कर रहे है। इतना ही नहीं कई चालक कर बकाया होने के बाद भी वाहनों का संचालन कर रहे हैं। एआरटीओ की ओर से ऐसे तीन से चार वाहनों को सीज भी किया गया है।
ऐसे में अब 80 वाहन स्वामियों की आरसी जारी की गई है। अब तहसील एक्ट के तहत विभाग इन वाहन स्वामियों के विरुद्ध कार्रवाई करेगा। एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बताया कि वाहन चालकों ने कर जमा नहीं किया था। नोटिस जारी करने के बाद भी कर जमा न करने की स्थिति में इनकी आरसी जारी की गई है।