घोटाले की जांच लंबित होने के बाद भी उसी ग्राम पंचायत में तैनात किए गए ग्राम पंचायत अधिकारी को आखिर हटा दिया गया। डीएम ने संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी को हटाने के साथ ही मामले की पत्रावली तलब की है। करीब एक वर्ष पूर्व अमरिया ब्लाक में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी प्रेम शंकर सहित जिले के सभी ग्राम पंचायत सचिवों को डीएम ने लॉटरी सिस्टम से पर्ची डालकर दूसरे ब्लाकों में तैनात किया था। इस बीच पंचायत सचिव के अमरिया ब्लाक के गांव टांडा बिजैसी में कराए गए कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत पर जांच भी शुरू करा दी गई। करीब पांच दिन पूर्व संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी प्रेम शंकर का स्थानांतरण न सिर्फ अमरिया बल्कि उन्हीं ग्राम पंचायतों में कर दिया गया जहां से हटाया गया था। इस मामले को 02 जनवरी के अंक में अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। सुबह खबर का संज्ञान लेकर डीएम ने डीपीआरओ को तलब किया। इस बीच ग्राम पंचायत टांडा बिजैसी के प्रधान व ग्रामीण भी डीएम से मिलने पहुंचे। मामले की जानकारी होने पर डीएम ने संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी को टांडा बिजैसी गांव से तत्काल हटाने के निर्देश दिए साथ ही उसके स्थानांतरण की पत्रावली भी तलब की है। डीएम मासूम अली सरवर ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी को फिलहाल हटा दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।