कलेक्ट्रेट में डीएम से मिलने पहुंचे हजारा क्षेत्र के गांव सिंघाड़ा के लोग । संवाद
पीलीभीत। इंडो नेपाल बाॅर्डर क्षेत्र के तहत बनने वाली सड़क के तहत कई किसानों की जमीनों का सर्वे नहीं हो सका है। इसको लेकर ग्रामीणों ने डीएम से मिलकर सर्वे कराने की मांग की है। डीएम ने अधिशासी अभियंता इंडो नेपाल और एसडीएम पूरनपुर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में हजारा क्षेत्र के गांव सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज के रहने वाले हरभजन सिंह, भगवान सिंह, चमन सिंह, राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, शमशेर सिंह, बलवंत सिंह, रतन सिंह सहित कई ग्रामीणों ने कहा है कि गांव में इंडो-नेपाल बॉर्डर के तहत अधिगृहीत की जाने वाली भूमि में कुछ काश्तकारों की भूमि सर्वे से वंचित रह गई है।
वन विभाग व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर छूटे हुए कृषकों की भूमि का सर्वे कराया जाए। पूर्व में जब सर्वे हुआ था तो उस समय गन्ने की फसल होने के कारण सही तरीके से सर्वे नहीं हो पाया। वर्तमान समय में उसका सर्वे कराकर छूटे हुए कृषकों को इसका लाभ दिया जाए। ग्रामीणों की मांग पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता इंडो नेपाल बॉर्डर एवं एसडीएम पूरनपुर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।