पीलीभीत। तापमान बढ़ते ही आंखों से संबंधित समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। तेज हवा और धूल से लोगों को आंख में दिक्कतें हो रही हैं। संक्रमण की वजह से आंखों के आसपास खुजली की समस्या भी हो रही है। ऐसे में डॉक्टर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
गर्मी के साथ मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। रोजाना एक हजार के करीब मरीज उपचार कराने के लिए पहुंच रहे है। इसमें से 150 मरीज नेत्र परीक्षक कक्ष में पहुंच रहे हैं। अधिकतर मरीजों की आंखों में संक्रमण की समस्या है। तेज धूप और गर्म हवा से आंखों में लालपन, खुजली, पानी आना आम बात है।
नेत्र परीक्षक डॉ जगराज सिंह ने बताया कि बाइक चालक आंखों में कीड़ा पड़ जाने पर कई बार उसे मसल देते है। इससे तुरंत राहत मिल जाती है, लेकिन कीड़े के जहर का अंश आंखों में ही रह जाता है। जो बड़ी समस्या बना देता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। जरूरी है कि बिना डाॅक्टर की सलाह के दवा न लें। इसके अलावा धूल आदि से बचाव के लिए भी सतर्क रहें।
-
यह बरतें सावधानी
- बाइक चलाते समय चश्मे का प्रयोग करें।
- आंखों को दिन में दो से तीन बार साफ पानी से धोएं।
- आंख में कुछ जाने पर उसे मसलने के बजाए पानी से साफ करें।
- बिना डॉक्टर की सलाह किसी तरह का उपचार न करें।