मौसम के बदलते मिजाज के आगे हर कोई लाचार दिखा। जनमानस बुरी तरह बेहाल हो रहा है। शुक्रवार को सुबह ही सूरज की तपिश ने दिन के माहौल का अहसास करा दिया था। अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चिलचिलाती धूप व दिनभर चली गर्म हवाओं के थपेड़ाें से लोग बेहाल दिखे। स्कूली बच्चे लौटते समय हाथों में पानी की बोतलें लिए नजर आए तो कुछ गर्मी से व्याकुल पानी पीकर प्यास बुझाते हुए जा रहे थे। दोपहर होते होते शहर की सड़कों पर भी लोग कम ही दिखे। बाजार में भी भीषण गर्मी से सन्नाटा सा पसर गया।