बीसलपुर तहसील परिसर में गन्ना विभाग के विरोध में प्रदर्शन करते किसान। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
बीसलपुर। बेनीपुर के किसानों ने चीनी मिल न बदले जाने से क्षुब्ध होकर मंगलवार को तहसील परिसर में गन्ना विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया। किसानों ने एसडीएम को गन्ना आयुक्त के नाम ज्ञापन देकर चेतावनी दी है कि वे लोग बीसलपुर मिल को गन्ना नहीं देेंगे।
किसान सहकारी चीनी मिल बीसलपुर से संबद्ध बेनीपुर गन्ना क्रय केंद्र से जुड़े किसान केंद्र की अव्यवस्थाओं से परेशान हैं। किसान पिछले काफी समय से इस केंद्र को बीसलपुर मिल से हटाकर डालमिया शुगर मिल निगोही से संबद्ध कराने की मांग कर रहे थे। हालांकि गन्ना विभाग के अधिकारियों को प्रदेश के गन्ना आयुक्त को पत्र भेजकर किसानों की मांग पूरी कराने की संस्तुति भी की पर किसानों की यह मांग पूरी नहीं हो पाई। इससे किसानों में आक्रोश है।
किसानों का मानना है कि गन्ना विभाग के अधिकारियों की कमजोर पैरवी के कारण उनकी मिल नहीं बदली गई। मंगलवार को किसानों ने तहसील परिसर में गन्ना विभाग के विरोध में जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। एक घंटे के प्रदर्शन के बाद किसानों ने एसडीएम आरके राजवंशी को प्रदेश के गन्ना आयुक्त के नाम ज्ञापन देकर चेतावनी दी कि यदि उनकी मिल नहीं बदली गई तो वे लोग बीसलपुर मिल को गन्ना नहीं देंगे।
प्रदर्शन करने और ज्ञापन देने वालों में पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामप्रताप गंगवार, भाजपा के मंडल महामंत्री सुमित गंगवार, पूर्व प्रधान रामसिंह गंगवार, रामभरोसे, हरीअेाम, रामपाल, रामस्वरूप और देवपाल समेत काफी किसान शामिल थे।