21 दिसंबर को चीनी मिल में बोरों में अधिक चीनी भरे होने का मामला पकड़ा गया था। किसानों के हंगामा करने पर एसडीएम और डीसीओ ने जांच की तो 14 बोरों में 15 किलोग्राम तक चीनी अधिक भरी मिली। दोनों अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी थी। इसके बाद फेडरेशन से आई टीम ने भी जांच की। उधर, पूर्व मंत्री डॉ. विनोद तिवारी व विधायक पीतमराम ने सहकारी चीनी मिल संघ व मुख्यमंत्री से शिकायत कर गड़बड़ियों का आरोप लगाया था और जांच की मांग की थी। शनिवार को फेडरेशन से वित्त प्रबंधक के नेतृत्व में तीन सदस्यीय टीम चीनी मिल पहुंची और जांच की। जांच में टीम सदस्यों ने विधायक, किसानों, चीनी मिल के अफसरों और कर्मचारियों के अलग-अलग बयान लिए। जांच के बाद टीम रविवार अपरान्ह को फेडरेशन लौट गई। टीम में जीएम अनिल सिंघल, सुरेश राठौर शामिल थे। जांच के बावत पूछे जाने पर जीएम अनिल सिंघल ने बताया कि वह अपनी जांच रिपोर्ट एमडी को सौंपेंगे।