गन्ना पेराई सत्र समाप्त होने के बाद गन्ना विभाग ने आगामी सीजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसको लेकर डीसीओ राजेश्वर यादव ने बुधवार को गन्ना भवन में बैठक की। उन्होंने कहा कि अब विभाग और मिल को पहली मई से वर्ष 2015-16 के लिए सर्वे करना है। इसके लिए सुपरवाइजरों को किसानों की मौजूदगी में खेत की नाप करने के निर्देश दिए। इस बार सर्वे के बाद प्रशासन से प्राप्त भूराजस्व अभिलेखों से किसानों का मिलान किया जाएगा। इसमें अभिलेखों में दर्ज जमीन का क्षेत्रफल गन्ना क्षेत्र से कम होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सर्वे के दौरान किसानों की मौजूदगी रहे साथ ही सर्वे नाप के घोषणापत्र के साथ किसानों का बैंक खाता नंबर व मोबाइल नंबर भी अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाना है। उन्होंने कि यदि किसान के सर्वे में संशोधन की आवश्यकता पड़ती है तो वह घोषणापत्र के आधार पर ही हो सकेगा। बैठक में डीसीओ के अलावा एससीडीआई जेएस भदौरिया, आरके सिंह, समिति सचिव वसी अहमद, ओमप्रकाश, देवसिंह राना, सभी मिलों के प्रतिनिधि एवं सुपरवाइजर मौजूद रहे।