गन्ना सीजन शुरू होने पर इसे रिजेक्ट वैराइटी बताकर गन्ना न तौलने की शिकायतें बड़ी संख्या में आ रही हैं। इसको लेकर किसान काफी परेशान हैं। किसानों को मजबूर होकर अर्ली प्रजाति (कोशा 0238) का गन्ना रिजेक्ट की पर्ची पर तुलवाना पड़ रहा है। इससे किसानों को काफी नुकसान हो रहा है। किसानों का कहना है कि जब मिल एवं विभाग के सुपरवाइजर्स ने गन्ने का सर्वे किया था उस समय गन्ने को रिजेक्ट नहीं बताया तो अब एकाएक गन्ना रिजेक्ट कैसे हो गया। किसानों का कहना है कि यदि रिजेक्ट पर्ची पर तुलवाने पर अगले वर्ष इसकी पेड़ी भी रिजेक्ट पर अंकित की जाएगी जो सरासर गलत है। उन्होंने इसे मिलों की मनमानी बताते हुए पुन: सर्वे कराने की मांग की है। गन्ना आयुक्त, डीएम एवं गन्ना अधिकारी को ज्ञापन भेजने वालों में कमलप्रीत सिंह, गुरविंदर सिंह, मनदीप सिंह, इकबाल सिंह, रक्षपाल सिंह, करनैल सिंह सहित कई किसानों के हस्ताक्षर हैं।