पीलीभीत। बरखेड़ा के आईटीआई कॉलेज में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। डीएम ज्ञानेंद्र सिंह व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेश पर बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में बुधवार को बाल कल्याण विभाग की टीम ने बरखेड़ा के आईटीआई कॉलेज में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को जागरुक किया। साथ ही बाल विवाह करने की सजा व उसके दुष्परिणामों के बारे में बताया। जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुराग श्याम रस्तोगी ने वहां मौजूद लोगों को कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राजकीय दत्तक ग्रहण अभिकरण, वन स्टॉप सेंटर और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी। बाद में वहां मौजूद लोगों को बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही मरौरी ब्लॉक के गांव जनकपुरी में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संवाद