तेज धूप व गर्मी से बचने को छाता लगाए जाता स्कूली बच्चा । संवाद
पीलीभीत। तेज धूप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऐसे में दिन में धूप और लू से बचने के लिए लोग घरों से कम ही निकल रहे हैं।
सोमवार का दिन भी बेहद गर्म रहा। अधिकतम तापमान 36.6 व न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोपहर के समय बाजार और मुख्य सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। व्यापारी भी ग्राहकों के इंतजार में सूरज ढलने का इंतजार करते रहे।
भीषण गर्मी में चिकित्सक भी बेहद जरूरी काम होने पर ही लोगों को घरों से निकलने की सलाह दे रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में भी गर्मी से संबंधित बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। कृषि वैज्ञानिक एसएस ढाका ने बताया कि मंगलवार को हल्के बादल छाने की उम्मीद है।
हजारा क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि
पूरनपुर। सोमवार को हजारा में सुबह करीब साढ़े छह बजे ओलावृष्टि हुई। पांच-छह मिनट हुई ओलावृष्टि में फसलों को नुकसान की सूचना नहीं है। सुबह से ही क्षेत्र में काले बादल छा गए थे। नगर सहित क्षेत्र में कुछ देर के लिए बूंदाबादी भी हुई। इसके बाद तेज धूप रही। संवाद