पीलीभीत। पिछले चार दिनों से चल रही अधिवक्ताओं की हड़ताल शनिवार को बार सभागार में हुई बैठक के बाद ने समाप्त हो गई। अब सोमवार को अदालतों में पहले की तरह मुकदमों की सुनवाई होगी।
31 अगस्त को गणेश चौथ पर अधिवक्ताओं ने घरों में पूजा-अर्चना की बात कहते हुए हड़ताल कर दी थी। एक, दो व तीन सितंबर को अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों का बहिष्कार कर हड़ताल कर दी थी। बार पदाधिकारियों का कहना है कि अधिकारी समय से न्यायालयों में नहीं बैठ रहे हैं। न्यायिक कर्मचारी बिना पारितोषिक के कोई कार्य नहीं करते। न्यायालयों में जमानत आदि के प्रार्थना पत्रों एवं सिविल के नए वादों की सुनवाई का समय एक ही है। इससे अधिवक्ताओं को परेशानी हो रही है। हड़ताल के कारण वादकारी भी परेेशान थे। जमानतों पर सुनवाई तक नहीं हो पा रही थी।
शनिवार दोपहर डेढ़ बजे सभी अधिवक्ता जिला संयुक्त बार एसोसिएशन सभागार में इकट्ठा हुए। यहां संयुक्त बार, सेंट्रल बार व सिविल बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद थे। अधिवक्ताओं से बातचीत व आपसी सहमति के बाद हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया गया। साथ ही यह भी तय हो गया कि सोमवार से अधिवक्ता काम पर लौटेंगे। यहां बता दें कि सोमवार को गणेश चौथ मेले के रामलीला मैदान स्थल पर आयोजन को लेकर चल रहे मामले की भी सुनवाई होनी है। इसके साथ ही सपा नेता नफीस की जमानत पर भी सुनवाई होनी है।