पीलीभीत। पूरनपुर क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर में निर्माणाधीन पानी की टंकी में सीमेंट और मौरंग के साथ मिट्टी का मिश्रण करने का मामला वायरल हुआ था। इममें अधिशासी अभियंता ने जब जांच कराई तो सही पाया गया। इसके बाद काम को बंद कराकर मसाले को जांच के लिए भेजा गया है। वहीं ऐसा करने वाले श्रमिक की तलाश कराई जा रही है।
इस समय कई गांवों में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है। गांव में चल रहे काम को लेकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो हुआ था। वीडियो में श्रमिक वहां मशीन में सीमेंट और मौरंग के साथ मिट्टी मिला रहे थे। वीडियो का संज्ञान लेते हुए अधिशासी अभियंता मनीष गंगवार ने टीम को भेजकर जांच कराई थी। मामला सही पाया गया था। इसके पीछे ठेकेदार और गांव के ही एक श्रमिक से विवाद होने पर ऐसा किया गया। इसके बाद मौके पर काम को रुकवा दिया गया। मसाले को जांच के लिए भेज दिया गया। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे काम शुरू कराया जाएगा। अधिशासी अभियंता ने बताया श्रमिक की तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।