पीलीभीत। शाहजहांपुर जा रही ट्रेन संख्या 05395 पर पौटा हाल्ट के नजदीक कुछ शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। इसमें एक अधिवक्ता समेत कई यात्री घायल हो गए। एक पत्थर ट्रेन के चालक को भी लगने की बात कही जा रही है। अधिवक्ता को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीलीभीत-शाहजहांपुर पैसेंजर ट्रेन शुक्रवार शाम को 5:50 बजे जंक्शन से रवाना हुई। पौटा स्टेशन से दो किलोमीटर पहले ट्रैक किनारे मौजूद छह-सात लोगों ने ट्रेन पर पथराव करना शुरू कर दिया। पत्थर लगने से कई यात्री घायल हो गए। ट्रेन में सवार बिलसंडा के अधिवक्ता धनपाल प्रजापति का सिर पत्थर लगने से फट गया।
बीसलपुर में ट्रेन रुकने पर धनपाल प्रजापति के साथियों ने मामले की सूचना रनिंग गार्ड को लिखित रूप से दी। इसके साथ ही मामले की सूचना बीसलपुर स्टेशन मास्टर को भी दी गई। अधिवक्ता हेमंत मिश्रा ने बताया है कि इस मार्ग पर इससे पूर्व भी कई बार ट्रेन पर पथराव किया जा चुका है, लेकिन आरपीएफ और जीआरपी कोई ध्यान नहीं देती है। आरपीएफ इंस्पेक्टर शहनवाज हुसैन ने बताया है कि मामले की सूचना मिली है। शरारती तत्वों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके हैं। टीम मौके पर गई हुई है।