कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई यूपी 100 डायल योजना के लिए पीलीभीत जिला रोल मॉडल बताया गया है। प्रदेश के डीजीपी और प्रमुख सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान अन्य जिलों को जिले में कम समय में हुए सुधार को लेकर सीख लेने को कहा है। साथ ही एसपी देवरंजन वर्मा के कार्यों की सराहना की। जिले में यूपी 100 डायल की शुरूआत 26 दिसंबर 2016 को हुई थी। इसमें कुल 37 यूपी 100 की गाड़ियां जिले को मुहैया कराई गई। जिसमें सुरक्षा की कमान संभालने के लिए 237 पुलिसकर्मी शामिल किए गए। शुरुआत में थाना पुलिस और यूपी 100 के पुलिसकर्मियों के बीच सामंजस्य नहीं बैठ पा रहा था। इसके अलावा दर्ज शिकायतों में पुलिसकर्मियों पर वसूली के भी आरोप लगे। जिसके सुधार के लिए निर्देश मिलने पर एसपी देवरंजन वर्मा ने कमान खुद संभाली। पुलिसकर्मियों को गाड़ियों में दिए गए उपकरणों को ज्ञान देने के साथ ही उनके कार्य की मॉनिटरिंग के लिए औचक चेकिंग की गई। इसके परिणाम भी सामने आए है। सोमवार को डीजीपी जावीद अहमद और प्रमुख सचिव देवाशीष पांडा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान जहां सुरक्षा व्यवस्था को सख्त बनाने के टिप्स दिए। वहीं जिले में यूपी 100 के कार्य को प्रदेश में सबसे बेहतर बताया। जिसको लेकर जिला पुलिस में हर्ष की लहर है।