इंडो-नेपाल बार्डर पर एसएसबी का पहरा, आवाजाही बंद
1इंडो नेपाल बार्डर पर बसही गांव से सटे नोमैंस लैंड पर पुलिया निर्माण के बाद हुए बवाल को लेकर सीमावर्ती इलाके में तनाव बरकरार है। तीसरे दिन भी बार्डर पर एसएसबी के अधिकारियों का पहरा रहा। ग्रामीणों से बैठकें भी चलती रहीं। वहीं दोनों ओर से आवाजाही पूरी तरह से बंद रही। संपूर्णानगर (खीरी) के बसही गांव से सटी भारत नेपाल सीमा के पास नोमैंस लैंड पर रुकवाए गए पुलिया के निर्माण को नेपालियों की ओर से दुबारा शुरु कराए जाने पर बृहस्पतिवार को बार्डर पर बवाल हो गया था। नेपाल की ओर से पथराव किया जा रहा था। तीसरे दिन शनिवार को तनाव के बीच बार्डर पर हालात कुछ सामान्य हुए। दोनों ओर से सीमावर्ती इलाके में आवाजाही बंद रही। इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से एसएसबी व पुलिस प्रशासनिक अफसर मौके पर जमें हुए हैं। एसएसबी के लखनऊ डीआईजी डीएस चौहान, पीलीभीत एसएसबी डीआईजी एके दास, कमांडेंट दिलबाग सिंह, कमांडेंट लखनऊ सरोज कुमार मौके पर हालात भांपने में रहे। ग्रामीणों के साथ शांति बनाए रखने को लेकर बैठक जारी रहंी। इधर, नेपाल के इलाके में भी वहां की सुरक्षा एजेंसियां तैनात रहीं।