पीलीभीत। घरेलू कलह में पुत्र की हत्या करने वाले आरोपी पिता को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव घर पहुंचा और गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
शहर से सटे सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव चिड़ियादाह में मंगलवार को घरेलू कलह में रामप्रताप की उसके पिता राजाराम ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी पिता ने थाने पहुंचकर समर्पण कर दिया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया था।
वहीं मृतक की पत्नी ममता की ओर से पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस की जांच में घरेलू कलह के चलते हत्या की बात सामने आई थी। बुधवार को पुलिस ने हत्यारोपी पिता को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। रामप्रताप की मौत से पत्नी ममता के अलावा पुत्र अर्नव व पुत्री तनिष्का का रो-रोकर बुरा हाल है।