पीलीभीत। अपनी पहली तैनाती पर एक साल पूर्व जिले में समाज कल्याण अधिकारी के पद पर आए विपिन वर्मा अब अपनी सेवाएं वन विभाग में देंगे। एक दिन पूर्व जारी भारतीय वन सेवा के परिणाम में उन्हें 33वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल हुई है। परिणाम जारी होने के बाद विकास भवन के अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी।
मूलरूप से लखनऊ के रहने वाले विपिन वर्मा की जिला समाज कल्याण अधिकारी के पद पर यहां नियुक्ति 28 मई 2022 को हुई थी। तैनाती के बाद भी वह आईएफएस की तैयारी करते रहे। परीक्षा के बाद उन्होंने करीब दो माह पहले काउंसलिंग में भाग लिया था। इसका परिणाम जारी हुआ तो उनको ऑल इंडिया में 33वीं रैंक मिली। परिणाम जारी होने के बाद विकास भवन के साथी अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने बताया उनके लिए यह काफी खुशी की बात है। उनकी मेहनत सफल हुई।