पीलीभीत। शासन ने इस बार 29 अगस्त की रात 12 से 31 अगस्त की रात 12 बजे तक रोडवेज बसों में बहनों के लिए मुफ्त यात्रा की सुविधा दी है। इस दौरान रोडवेज बसों पर यात्रियों का काफी दबाव होगा। यात्रियों के दबाव को देखते हुए रोडवेज ने 16 रूटों पर बसों के 45 फेरे तीन सितंबर तक बढ़ा दिए हैं।
पीलीभीत डिपो की बसें सामान्य दिनों में 16 रूटों पर 63 फेरे लगती हैं। 29 अगस्त की रात से तीन सितंबर तक के लिए बसें अब इन रूटों पर 98 फेले लगाएंगी। सबसे ज्यादा फेरे बरेली, दिल्ली, मुरादाबाद, मेरठ, देहरादून रूट पर बढ़ाए गए हैं। इन रूट पर 45 के स्थान पर 60 फेरे किए गए हैं। लोकल रूटों पर कोई बदलाव नहीं किया गया है। लोकल रूटों पर 15 फेरे होते हैं। रक्षाबंधन पर भी बसें इन रूटों पर 15 फेरे ही लेंगी।
अन्य रूटों की बात करें तो बरेली, बदायूं, आगरा, अलीगढ़, मथुरा रूट पर तीन के स्थान पर पांच, टनकपुर, हल्द्वानी, रुद्रपुर, काशीपुर रूट पर नौ के स्थान पर 21, कानपुर, लखनऊ रूट पर छह के स्थान पर 12 फेरे किए गए हैं। आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए फेरों को बढ़ाया गया है।