हॉकी के स्टार खिलाड़ी सिमरनजीत सिंह और हरप्रीत कौर एक-दूजे के हो गए।
- फोटो : PILIBHIT
मझोला (पीलीभीत)। हॉकी के स्टार खिलाड़ी व अर्जुन अवार्ड विजेता सिमरनजीत सिंह ने अपने जीवन की नई पारी शुरू की है। सिमरनजीत पंजाब के अमृतसर में शनिवार को हरप्रीत कौर के साथ विवाह के बंधन में बंध गए। उनके पिता इकबाल सिंह ने बताया कि बरात में कुछ खास रिश्तेदार व साथी खिलाड़ी ही थे। कुछ दिन पहले सिमरनजीत ने अमृतसर निवासी व पंजाब सरकार में प्रशासनिक अधिकारी जगविंदर सिंह ग्रेवाल की पुत्री हरप्रीत कौर के साथ वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने का फैसला लिया था। बटाला में अपने ताऊ रक्षपाल सिंह के पास रह कर हॉकी का हुनर सीखने वाले सिमरनजीत सिंह 4 नवंबर को ही बटाला पहुंच गए। यहां से सिमरनजीत सिंह ताऊ के ही घर से घोड़ी चढ़े और अमृतसर में हरप्रीत कौर के संग फेरे लिए। शादी के बाद सबसे पहले दादी गुरमीत कौर ने पौत्र व पौत्र वधू को गले लगाया। पिता इकबाल व मां मंजीत कौर से दोनों ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया। अपने बड़े भाई की शादी में विदेश से शामिल होने पहुंचे अर्शदीप सिंह खुश थे। देर रात तक बधाइयों का सिलसिला चलता रहा। शादी में शिरकत करने आए दोनों पक्षों के रिश्तेदारों ने सिमरनजीत को अर्जुन अवार्ड के लिए चयनित होने की भी बधाई दी। शादी में पंजाब के लोकगीत गायक रंजीत बाबा ने भी सुंदर प्रस्तुतियां दीं।