पूरनपुर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते भाकियू कार्यकर्ता।संवाद
पूरनपुर। भाकियू (टिकैत) ने जिले की सहकारी समितियों और निजी दुकानों पर डीएपी खाद का टोटा होने के विरोध में डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अजीत प्रताप सिंह को सौंपा। ज्ञापन में सहकारी समितियों में डीएपी शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया कि एक अक्तूबर से गेहूंं, आलू, मटर की बुआई शुरू होती है। फसलों की बुआई के समय किसान खेतों में डीएपी लगाते हैं। गन्ने की फसल में भी डीएपी लगाने का समय हो चुका है। मगर जिले की किसी भी सहकारी समिति पर डीएपी खाद नहीं है। कुछ दुकानों पर एनपीके है।
ज्ञापन में सहकारी समितियों पर डीएपी उपलब्ध कराने की मांग की गई। ज्ञापन देने वालों में भाकियू के प्रदेश सचिव स्वराज सिंह, रंजीत सिंह, सत्यपाल वर्मा, रमेश, राजेश, घुरई लाल आदि शामिल रहे। भाकियू नेता स्वराज सिंह ने बताया कि समस्या को लेकर उन्होंने सहकारी समितियों के एआर से भी मोबाइल पर बात की। उन्होंने 15 अक्तूबर के बाद सहकारी समितियों पर डीएपी पहुंचने की जानकारी दी।